इंदौर। गौरीनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। चार युवकों ने मिलकर 26 वर्षीय अजय चौरसिया पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।घटना गौरीनगर मेन रोड स्थित ज्ञानू के होटल के पास की बताई जा रही है। फरियादी अमन सिंह सिसौदिया के अनुसार वह अपने मित्र अजय चौरसिया के साथ खड़ा था, तभी नितेश उर्फ नीतू उर्फ बच्चा, विशाल, आर्यन उर्फ सोनू और उनका एक साथी वहां पहुंचे। करीब एक वर्ष पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अजय के साथ मारपीट की और आर्यन व उसके साथी ने उसे पकड़ लिया, जबकि नितेश और विशाल ने चाकू से हमला कर दिया।हमले में अजय की पीठ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिंह को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। घायल अजय को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उज्जैन स्नान के लिए भाग गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
