रतलाम के पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में गुरुवार रात उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब मोहर्रम पर्व के तहत निकाले जा रहे ताजिए में करंट फैल गया। ताजिए में करंट फैलने से तीन लोगों की मौत हो गई और 15 लोग झुलस गए। इस दौरान कई लोगों के घायल भी हुए हैं। घायलों व झुलसे हुए लोगों को रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम हतनारा में ताजियों का चल समारोह निकाला जा रहा था। कुछ लोग ताजिया उठाकर चल रहे थे। वहीं, अनेक लोग ताजिए के आसपास चल रहे थे। अचानक ताजिया एक स्थान पर 15 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी हाईटेंशन बिजली लाइन के तार से टच हो गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही ताजिए में करंट फैल गया और करंट की चपेट में आने से करीब 15 लोग झुलसकर नीचे गिर गए।
