उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हरिद्वार जा रही राजस्थान रोडवेज की एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी।बस में उस समय 26 यात्री सवार थे। आग लगते ही चालक ने बिना घबराए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते सभी यात्रियों की जान बच गई और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
