लगातार हो रही बारिश के बीच इंदौर नगर निगम ने जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को परदेसीपुरा स्थित वर्मा नर्सिंग होम के पास करीब 2 हजार वर्गफीट में बने एक जर्जर मकान पर रिमूवल कार्रवाई की गई। यह भवन वर्ष 2021 से निगम के नोटिस के दायरे में था, लेकिन मकान खाली नहीं होने के कारण कार्रवाई टलती रही।कार्रवाई के दौरान मकान में रहने वाले परिवार ने विरोध जताया और सामान रखने की व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की। रिमूवल टीम ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनका सामान सुरक्षित स्थान पर रखवाया जाएगा। काफी देर तक समझाइश के बाद भी जब परिवार तैयार नहीं हुआ तो रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याणे ने महिला के पैर पकड़कर मकान खाली करने की भावुक अपील की। इसके बाद परिवार मकान खाली करने के लिए राजी हो गया और निगम ने पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से जर्जर हिस्से को हटाने की कार्रवाई की।रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने बताया कि हालिया निरीक्षण में भवन की नींव कमजोर और संरचना बेहद जर्जर पाई गई थी। लगातार बारिश के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। निगम का कहना है कि मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के अन्य जर्जर भवनों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
