इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र की सावित्री कॉलोनी में चोरों की गैंग का आतंक, दो घरों में चोरी के बाद तीसरे मकान में कर रहे थे वारदात
इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र की सावित्री कॉलोनी में शुक्रवार रात चोरों की एक गैंग ने एक साथ दो से तीन घरों को निशाना बनाया। दो घरों में चोरी करने के बाद चोर तीसरे मकान का ताला तोड़ रहे थे, तभी एक रहवासी की नींद खुल गई। रहवासी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाने की कोशिश की तो चोरों ने उस पर पथराव कर दिया। एक पत्थर सिर में लगने से रहवासी घायल हो गया।सूने मकान को बनाया निशानाहीरानगर पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात सावित्री नगर, एमआईजी में रहने वाले आकाश सोनी के घर हुई। आकाश निजी कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार रात वे घर पर नहीं थे। सूना मकान देखकर चोरों ने यहां धावा बोला और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।इसके बाद चोरों की एक टोली पास में रहने वाले डॉक्टर संजय पंवार के घर भी घुसी। यहां चोर ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी पास में रहने वाले जितेंद्र सुरवाड़े की नींद खुल गई।शोर मचाया तो पत्थर बरसाने लगेआवाज सुनकर जितेंद्र घर से बाहर आए तो उन्होंने चोरों को ताला तोड़ते हुए देख लिया। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया। इससे घबराए चोरों ने जितेंद्र पर पथराव शुरू कर दिया। इसी दौरान एक पत्थर उनके सिर में आकर लगा, जिससे उन्हें चोट आई।पुलिस ने की तलाश, CCTV खंगाल रहीघटना की सूचना मिलते ही हीरानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सुनसान इलाकों में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
