प्रतिबंधित मोबाइल से मंदिर परिसर में बनाई गई थी रील, वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंधन ने की कार्रवाई
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध के बावजूद इंदौर विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला द्वारा मंदिर परिसर में रील बनाए जाने का मामला सामने आया है। रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर सुरक्षा कंपनी पर ₹5 लाख का जुर्माना लगाया है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन सुरक्षाकर्मियों प्रवीण पाल, गौरव गुर्जर और मधु नागर को बर्खास्त कर दिया गया है।दरअसल, रुद्राक्ष शुक्ला ने महाकाल दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में करीब डेढ़ मिनट की रील बनाई थी, जिसमें मंदिर में प्रवेश, गर्भगृह के बाहर पूजा और महाकाल लोक में ई-व्हीकल से घूमने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल उठने लगे।मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर प्रबंधन ने जांच कराई। इसके बाद सुरक्षा कंपनी पर आर्थिक दंड लगाया गया और तीन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने भी कार्रवाई की जानकारी दी।इस मामले ने एक बार फिर मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल प्रतिबंध और वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब आम भक्तों को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है, तो प्रतिबंधित मोबाइल मंदिर परिसर के अंदर कैसे पहुंचा?
