इंदौर। MR-10 स्थित भानगढ़ रोड पर नगर निगम की लापरवाही और सड़क निर्माण में बरती जा रही लेटलतीफी अब राहगीरों की जान पर भारी पड़ने लगी है। ट्रीटमेंट प्लांट के पास सड़क निर्माण का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है। जगह-जगह सड़क की खुदाई और अधूरे निर्माण के चलते एक तरफ का मार्ग ही आवागमन के लिए चालू रखा गया है। ऐसे में इस संकरे मार्ग पर बीच सड़क खड़े ट्रक, निगम के वाहन और बेतरतीब पार्किंग राहगीरों के लिए लगातार मुसीबत बन रही है।गुरुवार दोपहर इसी अव्यवस्था के चलते गुलमोहर कॉलोनी निवासी भूपेंद्र चौकसे अपनी बेटी के साथ हादसे का शिकार हो गए। वे स्कूल से बेटी को लेकर घर लौट रहे थे। ट्रीटमेंट प्लांट के मेन गेट के पास खड़े ट्रक के पास से निकलते समय सामने से प्लांट का कचरा वाहन आ गया। रास्ता संकरा होने और वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण उन्हें निकलने की जगह नहीं मिली और उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। हादसे में पिता और छोटी बच्ची दोनों को चोट आई।भूपेंद्र चौकसे का आरोप है कि भानगढ़ रोड पर बीच सड़क वाहनों की पार्किंग और बेतरतीब तरीके से खड़े भारी वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़क निर्माण अधूरा होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए हैं। निर्माण कार्य में देरी और मार्ग पर वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।निगम के वाहन की नंबर प्लेट भी सवालों के घेरे मेंइस मामले में नगर निगम के वाहन की नंबर प्लेट को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वाहन का नंबर MP09SG7296 बताया जा रहा है, लेकिन वाहन पर नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नगर निगम अपने ही वाहनों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कर पा रहा है? जब निगम के वाहनों पर ही नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो आम नागरिकों से नियमों की अपेक्षा कैसे की जा सकती है?आखिर हादसों के बाद ही जागेगा निगम?भानगढ़ रोड पर अधूरी सड़क, निर्माण कार्य में लेटलतीफी और बीच सड़क अवैध पार्किंग ने दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा दिया है। सवाल यह है कि क्या नगर निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? आखिर कब सड़क निर्माण पूरा होगा और कब बीच सड़क खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी? फिलहाल पिता-पुत्री के घायल होने के बाद एक बार फिर निगम की कार्यप्रणाली और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
