गुना। जिले के चाचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र में टोड़ी रोड पर रिफाइंड ऑयल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में तेल सड़क और आसपास के गड्ढों में बहने लगा। तेल बहने की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।देखते ही देखते लोगों में बहते तेल को बर्तनों में भरने की होड़ मच गई। कोई बाल्टी लेकर पहुंचा तो कोई कैन, पतीला और डिब्बा लेकर तेल समेटता नजर आया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को दुर्घटनास्थल से दूर रहने की समझाइश दी, लेकिन कई लोग तेल भरने में जुटे रहे। बताया गया है कि टैंकर इंदौर से मंडीदीप की ओर जा रहा था। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और क्रेन/हाइड्रा की मदद से टैंकर को सीधा कराया। चालक को हिरासत में लेकर मामले में कार्रवाई की गई है।
